ज़ीरकपुर 10 Feb : पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर लोहगढ़ स्थित होटल इन में दबिश देकर चार लोगों को हिरासत में लिया है, जो कथित तौर पर नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे थे। कार्रवाई एसआई जीवन सिंह के नेतृत्व में की गई।
पुलिस टीम ने होटल के कमरों में छापेमारी के दौरान विकास दुबे निवासी बिहार, आकाश कुमार उर्फ मोटा निवासी बिहार, गुरविंदर सिंह उर्फ सनी निवासी समाना और बलजिंदर कौर निवासी समाना को काबू किया। चारों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत उनके अधिकारों की जानकारी देकर तलाशी ली गई, हालांकि मौके से कोई भी नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ।
इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को सिविल अस्पताल डेराबस्सी ले जाकर डोप टेस्ट करवाया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार चारों आरोपी एमओआर और बीजेडडी पॉजिटिव पाए गए, जबकि एक आरोपी का टेस्ट बीयूपी में भी पॉजिटिव आया है।
पुलिस ने चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 27/61/85 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत होटलों और सार्वजनिक स्थानों पर नियमित चेकिंग की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।