जालंधर/यूटर्न/10 फरवरी। कनाडा के ब्रैम्पटन में पंजाबी मूल का वीजा किंग चन्नी भाई विवादों में घिर गया है। लग्जरी लाइफ के शो ऑफ पर कनाडाई लोगों ने आपत्ति जाहिर की है। कनाडा के गारंटीड वीजा के दावे और हाथ में ढाई करोड़ की घड़ी के चलते स्थानीय लोगों ने पुलिस से शिकायत की है। जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर कमेंट कर कहा कि कनाडा के लोग इस वक्त महंगाई के दौर से गुजर रहे हैं। यहां लोगों के पास पैसा नहीं है और पंजाबी मूल का वीजा किंग अपनी बाजू पर ढाई करोड़ की घड़ी बांध रहा है। इसका एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उसने दफ्तर के टेबल पर वीजा का ढेर लगाकर रखा है।
वीजा नियम सख्त, फिर भी वीजा लगवाने के आरोप
चन्नी भाई नामक वीजा किंग पंजाबी मूल के लोगों को बड़ी संख्या में वीजा दिलाने का दावा करता है। इसपर भी लोगों ने ऑब्जेक्शन लगाते हुए कहा है कि कनाडा में वीजा नियम सख्त होने पर ऐसा कैसे हो सकता है। इसकी इमिग्रेशन नियम के अनुसार जांच होनी चाहिए। कनाडा के कंटेंट क्रिएटर्स ने चन्नी की वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसने अपनी कलाई पर जो घड़ी बांध रखी है, वो रिचर्ड मिल ब्रांड की है। घड़ियों के जानकारों का मानना है कि कनाडा में इस ब्रांड की शुरूआती कीमत 3 लाख डॉलर (लगभग 2.5 करोड़ रुपए) है।