केंद्रीय कार्यालय में आयोजित होने वाली बैठक में नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव और अन्य पदाधिकारी होंगे शामिल। नई टीम के गठन के बाद होने वाले इस पहले बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम में आपसी समन्वय, जिम्मेदारियों के निर्धारण, आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
नई दिल्ली (Naren Danu) : भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक 22 अगस्त को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक संगठन के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, बैठक में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्षों, महासचिवों, सचिवों और अन्य पदाधिकारियों सहित पूरी राष्ट्रीय टीम हिस्सा लेगी। नई टीम के गठन के बाद यह पहला अवसर होगा, जब सभी पदाधिकारी एक साथ बैठकर संगठन की भावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य नई टीम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और संगठनात्मक कार्यों को नई दिशा देना है। इसके अलावा राष्ट्रीय पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और पार्टी की प्राथमिकताओं से भी अवगत कराया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि बैठक में आगामी चुनावों को लेकर भी व्यापक चर्चा हो सकती है। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने और राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने जैसे मुद्दे बैठक के एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।
नितिन नवीन के नेतृत्व में गठित नई राष्ट्रीय टीम में अनुभवी और युवा नेताओं के बीच संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। ऐसे में 22 अगस्त को होने वाली यह बैठक केवल औपचारिक परिचय तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे भाजपा की आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति की शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बैठक के बाद भाजपा का संगठन आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए और अधिक सक्रिय नजर आ सकता है।