हैमर थ्रो स्पर्धा में चयनित दोनों खिलाड़ियों ने अनुशासित अभ्यास और बेहतरीन प्रदर्शन से हासिल की उपलब्धि। प्रधान प्रमोद बंसल और प्रधानाचार्या डॉ. रेखा शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है और दोनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर स्कूल व प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।**
पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जी.टी. रोड, पानीपत के लिए गर्व का विषय है कि विद्यालय के होनहार खिलाड़ी निखिल एवं चंदन का हरियाणा स्कूली खेलों की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए हैमर थ्रो स्पर्धा में चयन हुआ है। निखिल का चयन अंडर-17 वर्ग तथा चंदन का चयन अंडर-19 वर्ग में हुआ है।
दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासित अभ्यास एवं दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत के साथ-साथ विद्यालय के खेल प्रशिक्षक सोनू पीटीआई के समर्पित मार्गदर्शन को भी जाता है।
विद्यालय के प्रधान श्री प्रमोद बंसल ने दोनों खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों, खेल प्रशिक्षक सोनू पीटीआई तथा समस्त विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, जिले एवं प्रदेश का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रेखा शर्मा ने अपने संदेश में कहा, "निखिल और चंदन की यह सफलता उनके अथक परिश्रम, अनुशासन, खेल प्रशिक्षक के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हमें अपने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व है। हमें पूर्ण विश्वास है कि दोनों खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे। विद्यालय परिवार उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वर्णिम सफलता की मंगलकामना करता है।"
विद्यालय के प्रबंधन, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने दोनों खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।