अनिल विज ने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा जल्द ही प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व सुगम बनाना है।
चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी की सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने 9.75 करोड़ रुपये की लागत से 10 प्रमुख सड़कों के मरम्मत कार्य को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना से क्षेत्र के लाखों लोगों और वाहन चालकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
अनिल विज ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जल्द ही इन कार्यों के लिए टेंडर जारी करेगा, जिसके बाद मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजबूत और आधुनिक सड़कें न केवल यातायात को सुगम बनाएंगी, बल्कि अंबाला छावनी के विकास को भी नई गति देंगी।
इस परियोजना के तहत नन्हेड़ा, रंगिया मंडी, मच्छौंडा, चंद्रपुरी, रामगढ़ माजरा, दलीपगढ़, पंजोखरा साहिब, मंडौर, धूलकोट और मुनरहेड़ी सहित कई क्षेत्रों की सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों का जीवन स्तर सुधरे और क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिल सके।