सेक्टर-26 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित पिंजौर खंड स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव-2026 में विद्यार्थियों ने लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में लोक नृत्य, रागिनी और नाटक प्रतियोगिताओं के जरिए प्रतिभाओं को मंच मिला। जिला शिक्षा अधिकारी ने विजेताओं को सम्मानित किया और चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तरीय मुकाबलों के लिए बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
पंचकूला : राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-26 में गुरुवार को पिंजौर खंड स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पिंजौर ब्लॉक के 30 विद्यालयों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया और हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
उत्सव में समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, रागिनी और नाटक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया ने दीप प्रज्वलित कर उत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा पहचानने, उसे निरंतर निखारने, मेहनत करने और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा अधिकारी संध्या छिक्कारा ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने चयनित प्रतिभागियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल, सांस्कृतिक उत्सव की समन्वयक दीपा रानी और विद्यालय स्टाफ को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
फोक डांस प्रतियोगिता में कक्षा पांचवीं से आठवीं वर्ग में सार्थक मॉडल विद्यालय, सेक्टर-12ए ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा नौवीं से बारहवीं वर्ग में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-26 प्रथम रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन सुशील शर्मा ने किया।