सेक्टर-17 प्लाजा में कांग्रेस नेताओं, पार्षदों, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन। एच.एस. लकी ने कहा- छात्रों की आवाज के आगे सरकार को झुकना पड़ा। उन्होंने पेपर लीक, बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।
पंचकूला: पंचकूला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अफीम लाकर पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 265 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपी के खिलाफ पंजाब में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। अदालत ने उसे 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि 24 जुलाई को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी कृपाल वर्मा उर्फ कृपाल राम बरवाला-डेराबस्सी रोड स्थित पुराने मंदिर के पास अफीम की खेप की सप्लाई देने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने इंस्पेक्टर विजय के नेतृत्व में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें से 1.265 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इसके बाद थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया।
झारखंड से लाता था अफीम, पंजाब में भी दर्ज है केस
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह झारखंड से अफीम लाकर पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ पंजाब में भी नशा तस्करी का मामला दर्ज है। पुलिस अब उसके नेटवर्क, सप्लायरों, खरीदारों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों को खंगाल रही है।
पूरे नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन (आईपीएस) ने कहा कि पंचकूला को नशा मुक्त बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपी के पूरे सप्लाई नेटवर्क और उसके सहयोगियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करी से संबंधित कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के जाल से मुक्त कराया जा सके।