संदिग्ध गतिविधियों के चलते हुई तलाशी में मिली 9.6 ग्राम हेरोइन, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस सहित सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज; पुलिस ने जांच शुरू की
चंडीगढ़: चंडीगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-29 में नाकाबंदी के दौरान एक आदतन अपराधी को 9.6 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुकेश कुमार उर्फ ‘चिकना’ (35) निवासी सेक्टर-29-बी, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 24 जुलाई की रात थाना इंडस्ट्रियल एरिया की टीम सेक्टर-29 स्थित बी एंड आर डिवीजन के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पारदर्शी पॉलिथीन में 9.6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जबकि पॉलिथीन सहित कुल वजन 10.4 ग्राम पाया गया।
पूछताछ में आरोपी हेरोइन रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना इंडस्ट्रियल एरिया में एफआईआर नंबर-67 (24 जुलाई 2026) के तहत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
सात आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड
प्राथमिक जांच में सामने आया कि मुकेश कुमार उर्फ चिकना पहले से ही पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम, आईपीसी और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने बरामद हेरोइन को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई यूटी एसएसपी कंवरदीप कौर, एसपी सिटी केएम प्रियंका और एसडीपीओ (ईस्ट) पी. अभिनंदन के निर्देशन में थाना इंडस्ट्रियल एरिया के एसएचओ इंस्पेक्टर सतनाम सिंह के नेतृत्व में की गई।
चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि शहर में नशा तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।