चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा और डिप्टी मेयर सुमन शर्मा की मौजूदगी में हुई बैठक में उठे क्षेत्र के प्रमुख मुद्दे, पुरानी पाइपलाइन बदलने, स्मार्ट वाटर मीटर, सड़क मरम्मत, ड्रेनेज सुधार और कचरा प्रबंधन पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन, नागरिकों ने सड़क, पानी, सीवरेज, पार्कों के रखरखाव और अतिक्रमण समेत कई समस्याएं रखीं, निगम अधिकारियों ने कहा- गुणवत्ता के साथ विकास कार्यों को समय पर पूरा करना होगी प्राथमिकता
चंडीगढ़: मनीमाजरा क्षेत्र की नागरिक समस्याओं के समाधान और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम चंडीगढ़ के चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने बुधवार को रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और डिप्टी मेयर सुमन शर्मा भी मौजूद रहीं।
बैठक में मनीमाजरा क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने खराब सड़कों, लंबित सड़क मरम्मत और री-कारपेटिंग कार्य, समय पर बिटुमेन की उपलब्धता, पेयजल आपूर्ति, कई इलाकों में कम पानी के दबाव, पुरानी पानी की पाइपलाइनों को बदलने, स्मार्ट वाटर मीटर लगाने और सीवरेज व्यवस्था से संबंधित मुद्दे उठाए।
विशेष रूप से पिपलीवाला टाउन क्षेत्र में सीवरेज और बरसाती पानी की निकासी की समस्या, मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए नालों की नियमित सफाई और डीसिल्टिंग की मांग भी रखी गई।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने पार्कों के रखरखाव और सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, सफाई व्यवस्था सुधारने, वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा बिजली विभाग से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान के लिए बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण करने और समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी, ड्रेनेज, सफाई और अन्य आवश्यक नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा काम की गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आरडब्ल्यूए के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि नागरिकों की भागीदारी से विकास कार्यों को और प्रभावी बनाया जा सके।
नगर निगम अधिकारियों ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सभी जायज समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और चंडीगढ़ को और अधिक स्वच्छ, सुरक्षित एवं रहने योग्य बनाना है।
आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद से स्थानीय समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।