प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री भी हुए शामिल, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका रास्ता; राहुल गांधी बोले- छात्रों पर हमला हर भारतीय परिवार पर हमला, पार्टी ने पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने की उठाई मांग।
नई दिल्ली (Naren Danu) नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के पास विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाले गए मार्च को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया और राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के कई सांसद, केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी शामिल हुए। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी बाद में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं का समर्थन किया।
कांग्रेस नेता छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिसके बाद पुलिस ने राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लेकर बसों के जरिए थाने पहुंचाया।
प्रदर्शन से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों से धरने में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि छात्रों पर कार्रवाई हर भारतीय परिवार के साथ अन्याय है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस मामले पर जवाब देना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन भी मौके पर पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की। कांग्रेस नेताओं ने नीट मामले को लेकर प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया था।