लुधियाना/यूटर्न/21 जुलाई। उधम सिंह नगर स्थित भारती विद्या मंदिर स्कूल में एक पुरुष टीचर ने क्रूरता की सभी हदें पार कर डाली। टीचर ने 9वीं क्लास के स्टूडेंट के साथ बुरी तरह से मारपीट की। उसकी इस कदर पिटाई की कि बच्चे के पेशाब से खून आने लगा। पिटाई के बाद घर पहुंचने पर बच्चे की हालत बिगड़ गई। उसने सारी बात अपने परिवार वालों को बताई। जिसके बाद उसे सिविल अस्पताल दाखिल कराया गया। थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने लक्कड़ बाजार के रुपेश बांसल की शिकायत पर हैबोवाल कलां के अनिल अग्रवाल खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका 13 साल का बेटा प्रांशु बांसल बीवीएम स्कूल में 9वीं क्लास में पढ़ता है। वह रोजाना की तरह स्कूल गया था। वहां पर टीचर ने उसे लैब में बंद करके बुरी तरह से पीटा। जिसके बाद किसी को बताने पर जान से मारने की धमकियां दी। लेकिन बच्चा जब घर पहुंचा तो अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उसने अपनी मां को सारी बात बताई।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टीचर छात्र को पीटता दिख रहा है। पुलिस के मुताबिक, बच्चा क्लास में शरारत कर रहा था। वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल का कहना है कि टीचर को 10 दिन के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। उससे इस मारपीट के लिए जवाब भी मांगा गया है। टीचर से बात भी की गई थी, जिसमें उसने बताया है कि बच्चे उसे डोरेमोन बुला रहे थे। गुस्से में उसने बच्चे को पीट दिया। हालांकि अभी टीचर की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
---