मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मृत श्रमिकों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों के प्रति व्यक्त की संवेदना; जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन बल और विशेषज्ञ टीमें दिन-रात चला रहीं खोज अभियान, लोगों से अफवाहों से बचने और प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना करने की अपील
गंगटोक (Naren Danu) : सिक्किम के नाम्ची जिले के समरदुंग में निर्माणाधीन एनएचपीसी तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे के बाद राज्य सरकार ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृत श्रमिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए वह खुद पूरे बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुरंग में फंसे श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए जिला प्रशासन, एसएसडीएमए, सिक्किम पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और एनडीआरएफ की टीमें लगातार काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने बचाव दलों में शामिल जवानों, तकनीकी विशेषज्ञों और अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को पूरी सावधानी और सुरक्षा मानकों के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
तमांग ने आम लोगों से अपील की कि वे अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं से बचें तथा राहत कार्य में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों तक पहुंचना और अभियान को सुरक्षित रूप से पूरा करना है।
गौरतलब है कि समरदुंग स्थित तीस्ता स्टेज-6 परियोजना की सुरंग में हुए हादसे के बाद से बचाव अभियान जारी है। अब तक सात श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य प्रभावित श्रमिकों की तलाश में टीमें लगातार जुटी हुई हैं।