टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में प्रस्तावित स्थलों की समीक्षा, जरूरत पड़ने पर बदल सकती हैं कुछ साइटें
चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : चंडीगढ़ में प्रस्तावित 12 नए वेंडिंग जोन के गठन पर शुक्रवार को होने वाली टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) की बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद तैयार की गई इस योजना पर प्राप्त सुझावों और आपत्तियों की समीक्षा के बाद समिति यह तय करेगी कि प्रस्तावित स्थानों में किसी तरह का बदलाव किया जाए या नहीं।
नगर निगम को व्यापारियों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए) और आम नागरिकों की ओर से बड़ी संख्या में सुझाव और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इन सभी पर बैठक में विस्तार से चर्चा होगी। यदि किसी स्थान को लेकर उचित आपत्ति पाई जाती है तो संबंधित वेंडिंग जोन की साइट बदली भी जा सकती है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद आवश्यक सेवा प्रदाता (एसेंशियल सर्विस प्रोवाइडर) की श्रेणी से बाहर आने वाले स्ट्रीट वेंडरों को उनके मौजूदा स्थानों से हटाकर निर्धारित वेंडिंग जोन में बसाया जाना है। इसी उद्देश्य से नगर निगम ने सर्वे के आधार पर शहर में 12 नए वेंडिंग जोन प्रस्तावित किए हैं।
नगर निगम ने पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रस्तावित वेंडिंग जोन की सूची अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक की, ताकि नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी राय दर्ज करा सकें।
व्यापारी संगठनों का कहना है कि वे वेंडिंग जोन बनाने के विरोध में नहीं हैं, लेकिन इन्हें मुख्य बाजारों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों से दूर विकसित किया जाना चाहिए। उनका तर्क है कि सेक्टर-19 और सेक्टर-22 जैसे बाजार पहले ही पार्किंग और ट्रैफिक की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में बाजारों के पास नए वेंडिंग जोन बनने से जाम और अतिक्रमण की समस्या और बढ़ सकती है।
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने कहा कि स्ट्रीट वेंडरों के लिए अलग स्थान तय करना जरूरी है, लेकिन इसके लिए ऐसे स्थल चुने जाने चाहिए जहां बाजारों की व्यवस्था प्रभावित न हो। वहीं, उद्योग व्यापार मंडल ने भी स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट-2014 का समर्थन करते हुए मांग की कि नई व्यवस्था लागू करने से पहले मौजूदा वेंडिंग प्रणाली को प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में प्राप्त आपत्तियों पर विचार करने के साथ-साथ 12 प्रस्तावित वेंडिंग जोन को अंतिम मंजूरी देने और वेंडरों के स्थानांतरण की प्रक्रिया व समयसीमा तय करने पर भी निर्णय लिया जाएगा।