सतलुज क्लब में राजनीतिक कार्यक्रम करवाने का मामला
लुधियाना/यूटर्न/9 जुलाई। लुधियाना के सतलुज क्लब में 28 जून को पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात प्रोग्राम का लाइव टेलीकास्ट किया गया था। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चीफ गेस्ट के तौर पर पहुंचे थे। जिन्होंने क्लब मेंबर्स के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम देखा और फिर ब्रेकफास्ट भी किया। क्लब मेंबर्स द्वारा नियमों के उल्ट पॉलीटिक्ल कार्यक्रम कराने पर ऐतराज जताया गया। जिसके चलते अब इस मामले में सतलुज क्लब के जीएम कमल को सस्पेंड कर दिया गया है। तत्काल प्रभाव से उनकी सेवाएं बंद कर दी गई है। अगले आदेशों तक वे क्लब में सेवाएं नहीं दे सकेगें। यह आदेश वीरवार को जनरल सेक्रेटरी आशीश आहूजा द्वारा जारी किए गए हैं। जनरल सेक्रेटरी आहूजा का कहना है कि क्लब के प्रेजिडेंट डीसी के आदेशों पर कार्रवाई की गई है। हालांकि चर्चाएं छिड़ी हुई है कि इस मामले में और भी कई लोगों पर कार्रवाई हो सकती है। वहीं कार्यक्रम का आयोजन करने वाले भाजपा नेता क्लब के मेंबर बताए जा रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। अगर उक्त नेता द्वारा जानबूझकर नियम तोड़ने की बात सामने आती है तो उन पर भी एक्शन हो सकता है।
क्लब सदस्यों ने नियम तोड़ने के लगाए आरोप
क्लब के सदस्यों का आरोप था कि यह कार्यक्रम पूरी तरह राजनीतिक था, जबकि क्लब के संविधान के अनुसार राजनीतिक गतिविधि आयोजित नहीं की जा सकती थी। लेकिन फिर भी राजनीतिक कार्यक्रम की बुकिंग हुई और सरेआम नियम तोड़ते हुए समारोह कराया गया। हैरानी की बात तो यह है कि क्लब की वर्किंग कमेटी द्वारा भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया।
भाजपा नें इंटरनल वॉर शुरु होने की चर्चाएं
वहीं इस कार्यक्रम को लेकर जहां सतलुज क्लब में विवाद चल रहा है, वहीं भाजपा के जिला नेताओं में भी इंटरनल वॉर शुरु हो चुकी है। चर्चाएं हैं कि इस कार्यक्रम में शहर के मुख्य पदाधिकारियों को ब्रेकफास्ट से दूर रखा गया। सामने होने के बावजूद उन्हें अनदेखा किया गया और लिस्ट तक से नाम हटा दिए गए। यह साजिशन हुआ या अचानक गलती हुई, यह आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन फिलहाल इस मामले को लेकर भाजपा के नेताओं में आपसी विवाद शुरु होने की चर्चाएं हैं।
----