हिसार में बार काउंसिल का फैसला, रिटर्निंग अधिकारी दलीप जाखड़ निलंबित
हिसार (Narendra Singh Danu): जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर वकीलों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। Bar Council of India (BCI) द्वारा रिटर्निंग अधिकारी एडवोकेट दलीप जाखड़ को सस्पेंड करने और चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने के बावजूद बार एसोसिएशन 12 जून को मतदान करवाने पर अड़ी हुई है।
स्थिति को देखते हुए BCI ने हिसार के पुलिस अधीक्षक और जिला प्रशासन को कोर्ट परिसर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बार एसोसिएशन, एड-हॉक कमेटी, उम्मीदवारों और उनके समर्थकों को किसी भी प्रकार की चुनावी गतिविधि—जैसे बैठक, मतदान या आम सभा—आयोजित करने से मना किया गया है।
इसके बावजूद रिटर्निंग अधिकारी एडवोकेट दलीप जाखड़ ने साफ किया है कि चुनाव की तैयारियां जारी हैं और 12 जून को बैलेट पेपर से मतदान करवाया जाएगा। मतदान केंद्र सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि Bar Council of Punjab and Haryana ने भी पहले ही चुनाव प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के निर्देश जारी किए थे। अपने आदेश में परिषद ने रिटर्निंग अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को चुनाव कार्यक्रम रोकने को कहा था।
इससे पहले 9 जून को BCI ने अंतरिम आदेश जारी कर प्रस्तावित चुनाव और उससे जुड़ी सभी गतिविधियों पर अगली सूचना तक रोक लगा दी थी। साथ ही एडवोकेट दलीप जाखड़ को चुनाव प्रक्रिया से दूर रहने के निर्देश दिए गए थे।
इन आदेशों के बावजूद 10 जून को जिला बार एसोसिएशन द्वारा चुनाव संबंधी निर्देश जारी किए जाने से स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है। ऐसे में 12 जून को बार परिसर में टकराव की आशंका बढ़ गई है।