होशियारपुर में सफाई को लेकर बड़ा अभियान, करमजीत कौर ने बताए फायदे
होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : पंजाब सरकार की ओर से शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ की सराहना करते हुए जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर ने कहा कि यह उपक्रम राज्य के शहरी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने में बेहद लाभकारी साबित होगा।
जिला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर ने कहा कि स्थानीय निकाय विभाग के मंत्री हरजोत सिंह बैंस द्वारा हाल ही में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ की शुरुआत के साथ टेक्नोलॉजी-आधारित इस अभियान के तहत सफाई व्यवस्था में और भी सुधार आएगा, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मिशन क्लीन के तहत सभी नगर निगम और परिषद के अधिकारी रोजाना सुबह 7 बजे से 8 बजे तक फील्ड में रहकर सफाई कार्यों की निगरानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि फील्ड अधिकारियों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग करके इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया है, ताकि पूरे राज्य के विभिन्न क्षेत्रों को सफाई के मामले में अव्वल दर्जे का बनाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि मिशन के तहत हर शहरी स्थानीय संस्था को 10 किलोमीटर के जोनों में विभाजित किया गया है और हर जोन का नेतृत्व एक एक्सीयन- ए.डी.सी., एम.सी. कमिश्नर, संयुक्त कमिश्नर या ई.ओ. द्वारा किया जाएगा। सभी अधिकारी रोजाना सुबह 7 बजे से 8 बजे तक अनिवार्य रूप से फील्ड का दौरा करेंगे।
स्थानीय निकाय मंत्री खुद भी पूरे पंजाब में औचक चेकिंग करेंगे। एक्सीयन रोजाना रिपोर्ट भेजेंगे ताकि रोजाना की प्रगति की जानकारी प्राप्त हो सके और ए.आई.-आधारित एप इस अभियान की रीयल टाइम प्रगति को ट्रैक करेगा।
इस अभियान का उद्देश्य ठोस और दस्तावेजी नतीजे हासिल करना है।