पंजाब/यूटर्न/11 जून। पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदलना शुरू हो गया है। मोहाली में वीरवार सुबह तेज आंधी के बाद हल्की बारिश हुई, जबकि लुधियाना में आंधी के साथ ओले भी गिरे। खन्ना में आकाशीय बिजली गिरने से करीब 150 साल पुराना एक पेड़ टूटकर कई मकानों पर गिर पड़ा, जिससे घरों की छतों और दीवारों को नुकसान पहुंचा। मौसम विभाग ने वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर के चलते आज (11 जून) से पूरे पंजाब में प्री-मानसून की बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में केवल 0.1 डिग्री की कमी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक बना हुआ है। बठिंडा में 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के कारण अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), कपूरथला, जालंधर और फतेहगढ़ साहिब समेत 10 जिलों में ओले गिरने की आशंका जताई है।
बिजली की मांग बढ़ी
गर्मी की वजह से बुधवार को भी बिजली की मांग अधिक बनी रही। बिजली की मांग रात आठ बजे 14,364 मेगावाट थी, जो दिन में 14,500 मेगावाट से ऊपर पहुंच गई थी। आज विभाग 5,300 मेगावाट बिजली पैदा कर रहा था, जबकि केंद्र से करीब 2,800 मेगावाट बिजली खरीदी गई। इस वजह से दिन में कई शहरों में कट भी लगे।
----