यूटी पुलिस की कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया
 
आईटी की जानकारी रखने वाले कैंडिडेट्स को मिलेगी प्रेफरेंस
BY utrun / January 08, 2024
चंडीगढ़ पुलिस द्वारा 200 कांस्टेबल किए जाने है भर्ती
 
 
चंडीगढ़/यूटर्न/8 जनवरी।
 
चंडीगढ़ समेत देशभर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। साइबर अपराध करने वालों को पकड़ने के लिए अब शारीरिक मजबूती ही नहीं बल्कि तेज दिमाग भी चाहिए ताकि टेक्नोलॉजी को समझ अपराध सुलझाया जा सके। ऐसे में चंडीगढ़ पुलिस पहली बार ग्रुप सी वाली कांस्टेबल भर्ती में आईटी को काफी महत्व देने जा रही है। डीजीपी ने इस भर्ती को लेकर एक स्टेंडिंग ऑर्डर जारी किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि विभाग की जरूरत साइबर सुरक्षा, डाटा माइनिंग, नेटवर्क प्रबंधन, डाटा विश्लेषण, वायरलेस एवं टेली कम्यूनिकेशन, वेबसाइट एडमिनिस्ट्रेशन, कंप्यूटर/डिजिटल फोरेंसिक विश्लेषण, सिस्टम एडमिनिस्ट्रेशन, प्रोग्रामिंग/कोडिंग, डाटाबेस एडमिनिस्ट्रेशन, आईटी सपोर्ट, साइबर क्राइम और ओएसआईएनटी विश्लेषण है। इसमें दक्षता रखने वाले लगभग 200 कांस्टेबल भर्ती किए जाएंगे। इसे लेकर जल्द विभाग विज्ञापन जारी करेगा।
 
 
डीजीपी खुद इस भर्ती प्रक्रिया का निरीक्षण करेंगे। वहीं, ड्राइविंग और कंप्यूटर दक्षता कांस्टेबल पद के लिए महत्वपूर्ण अंग बताया गया है। परीक्षा में किसी प्रकार की धोखाधड़ी न हो, इसके लिए बॉयोमीट्रिक पंजीकरण है। इससे किसी अन्य की जगह कोई फर्जी अभ्यर्थी परीक्षा में दाखिल नहीं हो पाएगा। ई-गर्वनेंस को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन प्रक्रिया को रखा जाएगा। इसका लिंक www.chandigarhpolice.gov. in. पर उपलब्ध होगा। भर्ती से जुड़ी योग्यता समेत अन्य प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारी विज्ञापन में दी जाएगी।
 
 
उम्र के हिसाब से रेस के दौरान समय में मिलेगी छूट
 
फिजिकल टेस्ट में मेल कैंडिडेट्स के लिए 1600 मीटर की दौड़ है। उम्र की श्रेणी के हिसाब से मेल कैंडिडेट्स के लिए दौड़ पूरी करने का समय तय किया गया है। पुरुषों में 18 से 45 वर्ष की उम्र तक के कैंडिडेट्स भाग ले सकते हैं। 
इसी तरह महिला अभ्यर्थियों के लिए 800 मीटर की दौड़ है। इसमें भी 45 वर्ष तक की फीमेल कैंडिडेट्स भाग ले सकती हैं। वहीं लांग जंप और हाई जंप भी है। उम्र के हिसाब से कैंडिडेट्स को इसमें भी कम-ज्यादा की छूट है। पुरुषों और महिलाओं में कद की सीमा में भी कुछ श्रेणियों में छूट रखी गई है। सामान्य वर्ग में पुरुषों का कद 170 सेंटीमीटर और महिलाओं के लिए 157.5 सेंटीमीटर होना अनिवार्य है। प्रतियोगी परीक्षा के जरिए यह सीधी भर्ती होगी।
 
विशेष वर्ग को मिलेगा भर्ती में लाभ
 
स्टैंडिंग ऑर्डर के मुताबिक मौजूदा समय में ग्रुप सी में भर्ती के लिए वर्टिकल आरक्षण अनुसूचित वर्ग में 18 प्रतिशत, ओबीसी अभ्यर्थी के लिए 27 प्रतिशत, आर्थिक पिछड़े वर्ग के लिए 10 प्रतिशत तय है। वहीं, होरिजेंटल आरक्षण में एक्स-सर्विसमैन श्रेणी में 10 प्रतिशत और महिला अभ्यर्थी के लिए 33 प्रतिशत का आरक्षण है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी और ओबीसी के लिए आवेदन फार्म 1 हजार रुपए, एससी और ईडब्लयूएस वर्ग के अभ्यर्थी के लिए यह 800 रुपए तथा एक्स सर्विसमैन को इसमें छूट होगी।

s