निवर्तमान मेयर बोले : शहरवासियों को मिलेगी जलभराव से मुक्ति, और ज्यादा स्वच्छ पेयजल होगा उपलब्ध BY utrun / July 10, 2024 कहा : समय-समय पर शहरवासियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाता रहा हूं हरियाणा/हिसार(राजेश सलूजा) : नगर निगम के निवर्तमान मेयर गौतम सरदाना ने शहर की सीवरेज व पेयजल व्यवस्था के लिए करोड़ों रुपये की राशि मंजूर किए जाने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि 400 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मंजूर होने पर जहां शहर की पुरानी सीवरेज व पेेयजल लाइन बदली जाएंगी, वहीं वैध हुई कॉलोनीवासियों को भी सीवरेज व पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस राशि के मंजूर होने से शहर में जहां जलभराव की समस्या दूर होगी, वहीं शहरवासियों को और ज्यादा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। गौतम सरदाना ने कहा कि वे समय-समय पर प्रदेश सरकार के समक्ष शहर की समस्याओं को उठाते रहे हैं। उनका हमेशा से यही प्रयास रहा है कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। वे जनता की हर समस्या को अपनी समस्या समझकर उसे सरकार तक पहुंचाते रहे हैं और सरकार ने भी उनके द्वारा रखी गई शहर की अनेक समस्याओं को दूर करवाने का काम किया है। निवर्तमान मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि दो दिन पहले वे प्रदेश के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल से मुलाकात कर शहर की सीवरेज व पेयजल व्यवस्था के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई थी। उन्होंने मंत्री से नगर निगम की साधारण बैठक में सभी वार्डो के सीवरेज और पानी से सम्बंधित पास किये गये एजेण्डों की अमृत-2 की डीपीआर पास करके ग्रांट जारी करने की मांग की थी। उन्होंने मंत्री से शहर की पुरानी सीवरेज व पेयजल लाइन बदलने, सभी मेनहोल नए बनवाने की मांग रखी थी। उन्होंने शहर में जहां नये वाटर ट्रीटमैन्ट प्लांट, नए बुस्टिंग स्टेशन स्टेशन और पुरानी पानी की लाईन बदलने और जो कॉलोनियां अब अवैध से वैध की श्रेणी में आई है, उन कॉलोनियों में भी पेयजल व सीवरेज व्यवस्था की सुविधा दिए जाने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि मंत्री ने उनकी बात को गंभीरता से लिया और शहर की पेेयजल व सीवरेज व्यवस्था को और दुरूस्त करवाने के लिए राशि मंजूर कर दी है। इसके लिए वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल का आभार व्यक्त करते हैं। गौतम सरदाना ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवा रही है। भाजपा सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि सरकार किसान, मजदूर, व्यापारी, विद्यार्थी व आमजन के हितों को पूरी तरह से ध्यान में रख रही है। गौतम सरदाना ने कहा कि भाजपा सरकार का प्रयास है कि आखरी पंक्ति में बैठे व्यक्ति को भी उसका हक मिलना चाहिए। इसी उद्देश्य को पहले मनोहर लाल व अब नायब सिंह सैनी लेकर चल रहे हैं। आज भाजपा सरकार की कार्यों से हर वर्ग खुश है।

s