बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बरकरार, सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन की जिम्मेदारी**
**स्मृति ईरानी, बिप्लब कुमार देब समेत आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया
**स्मृति ईरानी, बिप्लब कुमार देब समेत आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया
नई दिल्ली/चंडीगढ़।** भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई नियुक्तियों की सूची जारी की है। 17 अगस्त 2026 की जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा की है। इसमें पंजाब के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री **मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष** की जिम्मेदारी दी गई है।
नई सूची में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों के नाम शामिल हैं। इनमें राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, दिल्ली से राम माधव, ओडिशा से बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा, गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र से डॉ. भारती प्रवीण पवार और पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल सहित अन्य नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठनात्मक स्तर पर **बीएल संतोष को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन)** की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मुंबई से शिवप्रकाश और चंडीगढ़ से **सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन)** नियुक्त किया गया है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय महामंत्रियों की सूची में महाराष्ट्र से **विनोद तावड़े**, दिल्ली से **सुनील बंसल**, त्रिपुरा से **बिप्लब कुमार देब**, उत्तर प्रदेश से **स्मृति ईरानी**, राजस्थान से **डॉ. सतीश पूनिया**, मध्य प्रदेश से **गजेंद्र पटेल**, उत्तर प्रदेश से **हरीश द्विवेदी** तथा हरियाणा से **संजय भाटिया** को शामिल किया गया है।
जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इस फेरबदल में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह दी गई है। पंजाब के लिहाज से मनप्रीत सिंह बादल को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जाना महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जबकि चंडीगढ़ से सौदान सिंह को संगठन में राष्ट्रीय सह महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।