विधान भवन के सामने ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा- आजादी के बाद मिली चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार ने उठाए बड़े कदम; अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ने, 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव और 65 लाख रोजगार का किया दावा, नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की बात कही, नई यूथ पॉलिसी के जरिए युवाओं को और मजबूत करने का किया ऐलान
लखनऊ (Naren Danu) : स्वतंत्रता दिवस पर उत्तर प्रदेश ने विकास और युवा शक्ति को केंद्र में रखकर भविष्य का खाका पेश किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विधान भवन के सामने ध्वजारोहण के बाद कहा कि जिस तरह देश की आजादी की कहानी उत्तर प्रदेश के योगदान के बिना अधूरी है, उसी तरह विकसित भारत का सपना भी विकसित उत्तर प्रदेश के बिना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने इस अवसर पर प्रदेश के युवाओं को नई दिशा देने के लिए जल्द नई यूथ पॉलिसी लाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और क्रांतिकारियों को नमन करते हुए कहा कि मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, अवंती बाई लोधी, झलकारी बाई, ऊदा देवी पासी, चंद्रशेखर आजाद, ठाकुर रोशन सिंह और तात्या टोपे जैसे वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने देश की रक्षा करते हुए बलिदान देने वाले सैनिकों को भी श्रद्धांजलि दी।
योगी ने कहा कि आजादी के समय देश के सामने अशिक्षा, गरीबी, असमानता, असुरक्षा और पिछड़ेपन जैसी चुनौतियां थीं। सरकार ने पिछले नौ वर्षों में इन समस्याओं को दूर करने के लिए कई कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब केवल बदल नहीं रहा, बल्कि देश की आर्थिक दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है और महिला कार्यबल में भी तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को अब ‘बीमारू राज्य’ नहीं, बल्कि देश के ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में देखा जा रहा है। सरकार को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे करीब 65 लाख रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। पिछले नौ वर्षों में नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलने का भी उन्होंने दावा किया।
योगी ने कहा कि प्रदेश में 96 लाख एमएसएमई इकाइयां और 22 हजार उद्योग विकास की रफ्तार को आगे बढ़ा रहे हैं। ‘एक जनपद-एक उत्पाद’ और ‘एक जनपद-एक मेडिकल कॉलेज’ जैसी पहलों ने प्रदेश की नई पहचान बनाई है। वहीं ऑपरेशन कायाकल्प के जरिए प्राथमिक विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार किया गया है और स्कूल ड्रॉपआउट दर 19 प्रतिशत से घटकर तीन प्रतिशत रह गई है।
युवाओं के लिए नई नीति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में युवाओं की ऊर्जा सबसे बड़ी ताकत है। सरकार नकल माफियाओं पर कार्रवाई के साथ युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है। गांवों में ओपन जिम और जिलों में स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। इसी दिशा में जल्द नई यूथ पॉलिसी लाई जाएगी, जिसके जरिए युवाओं को रोजगार, कौशल, खेल और उद्यमिता के क्षेत्र में और अवसर देने की योजना है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी हासिल होगा, जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा। इसके लिए प्रदेश की 25 करोड़ आबादी को सामूहिक प्रयास करना होगा।
समारोह में विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देश की विविधता का रंग बिखेरा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया। अंत में तिरंगे रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़कर समारोह का समापन किया गया।