सात अगस्त की घटना के बाद युवकों पर हुई कार्रवाई के विरोध में सिख संगत ने गुरुवार को अंबाला-दिल्ली हाईवे पर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ मामला दर्ज करने और हिरासत में लिए युवकों को राहत देने की मांग की। तनाव बढ़ने पर आईजी और एसपी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और पुलिस बल तैनात रहा।
लालड़ू : गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में सात अगस्त को हुए विवाद का मामला गुरुवार को और गरमा गया। एंटी खालिस्तान नेता गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ केस दर्ज करने तथा उसके ऊपर हमले के मामले में कार्रवाई का सामना कर रहे युवकों को राहत देने की मांग को लेकर सिख संगत ने अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना लगा दिया। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई और भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
इस दौरान डीएसपी वीरेंद्र का अंगूठा कट गया, जबकि छह से सात पुलिस कर्मचारी घायल बताए गए हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ पुलिस कर्मचारियों को आईसीयू में भर्ती किया गया है।
बैठक के बाद सड़क पर उतरी सिख संगत
प्रदर्शन से पहले गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में सिख संगत की बैठक हुई। इसमें हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों के साथ विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के बाद बड़ी संख्या में लोग अंबाला-नारायणगढ़ रोड पर पहुंचे। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बाद में अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जग्गी सिटी सेंटर के पास पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया।
एकतरफा कार्रवाई का लगाया आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मंड की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर कार्रवाई की, जबकि गुरुद्वारा प्रबंधकों की ओर से दी गई शिकायत पर उसी तेजी से कार्रवाई नहीं की गई। संगत ने मंड के खिलाफ केस दर्ज करने, युवकों के खिलाफ दर्ज मामलों पर पुनर्विचार करने और हिरासत में लिए गए युवकों को रिहा करने की मांग की।
सात अगस्त के विवाद से जुड़ा है मामला
सात अगस्त को गुरसिमरन सिंह मंड अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब पहुंचा था। वहां हुए विवाद के बाद मंड के साथ मारपीट और उसकी इनोवा गाड़ी में तोड़फोड़ का मामला सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। इसी कार्रवाई का विरोध करते हुए सिख संगत ने गुरुवार को प्रदर्शन किया।
आईजी-एसपी ने संभाला मोर्चा, देर शाम तक जाम
तनाव बढ़ने पर आईजी अंबाला पंकज नैन और एसपी अजीत सिंह शेखावत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। पुलिस ने कहा कि संगत की शिकायत और मांगों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जो लोग न्यायिक हिरासत में हैं, उनकी रिहाई अदालत की प्रक्रिया के तहत ही संभव है।
देर शाम तक अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही। खबर लिखे जाने तक मुख्य मार्ग पर जाम जारी था।
फोटो कैप्शन: अंबाला-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर यातायात रोकते प्रदर्शनकारी।