ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट में मुख्य प्रवेश द्वार नहीं होने के कारण आवारा पशु परिसर में घूमते रहते हैं, जबकि बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तुरंत सफाई करवाने, झाड़ियां हटाने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रदर्शन करेंगे।
जीरकपुर : नगर परिषद के अंतर्गत गांव अड्डा झूगियां के एकमात्र श्मशान घाट की बदहाली ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि अंतिम संस्कार से पहले लोगों को अपने खर्च पर झाड़ियां कटवाकर सफाई करवानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक वर्ष से यहां नियमित सफाई और रखरखाव नहीं हुआ है।
स्थानीय निवासी हरविंदर सिंह, हरजिंदर सिंह, संतोष सिंह, देवी दयाल व अन्य ने बताया कि श्मशान घाट में चारों ओर झाड़ियां उगी हुई हैं और गंदगी फैली रहती है। कई बार नगर परिषद अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि श्मशान घाट का मुख्य प्रवेश द्वार भी नहीं लगाया गया है। इसके चलते आवारा पशु परिसर में घूमते रहते हैं। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। उनका कहना है कि अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसर पर परिवार पहले ही दुख में होता है, ऐसे में सफाई और व्यवस्था की जिम्मेदारी भी ग्रामीणों पर आना चिंताजनक है।
गांव के बुजुर्गों और सामाजिक लोगों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से तत्काल सफाई करवाने, झाड़ियों को हटाने और मुख्य प्रवेश द्वार लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।