स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है और आने-जाने वाले लोगों तथा वाहनों की निगरानी तेज कर दी है। पुलिस टीमों ने ठहरने वाले लोगों के पहचान पत्र और रिकॉर्ड की जांच की। एसएचओ जस्वीर सिंह तूर ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
जीरकपुर: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जीरकपुर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने वीआईपी रोड, दयालपुरा, नाभा, भबात सहित विभिन्न इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान होटल, गेस्ट हाउस, रैन बसेरों और झुग्गी-झोपड़ियों की जांच की गई।
पुलिस ने होटलों में ठहरे लोगों के पहचान पत्र और एंट्री रिकॉर्ड की जांच की। होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया।
पुलिस टीमों ने रैन बसेरों और झुग्गी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जानकारी भी जुटाई। शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाने के साथ आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर भी नजर रखी जा रही है।
थाना जीरकपुर के एसएचओ जस्वीर सिंह तूर ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर शहर में चेकिंग और गश्त लगातार जारी रहेगी।