जगराओं-रायकोट मार्ग पर बसियां गांव के समीप देर रात करीब एक बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार आम आदमी पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं बलकार सिंह, विशाल और संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो अन्य सवार किसी तरह सुरक्षित निकलने में सफल रहे।
लुधियाना (Naren Danu) : जगराओं-रायकोट रोड पर गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। गांव बसियां के पास करीब रात 1 बजे तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतरी और तालाब में जा गिरी। हादसे में आम आदमी पार्टी से जुड़े तीन कार्यकर्ताओं की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग किसी तरह बच निकले।
हादसा रायकोट के नजदीक बसियां इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक कार में कुल पांच लोग सवार थे और सभी नकोदर से दिड़बा की तरफ लौट रहे थे। रास्ते में कार अचानक अनियंत्रित हुई और तालाब में जा गिरी। पानी में डूबने के कारण बलकार सिंह, विशाल और संदीप की जान चली गई। बताया जा रहा है कि तीनों आम आदमी पार्टी से जुड़े थे और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के करीबी माने जाते थे।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। अंधेरे में तालाब के भीतर बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला गया और उसमें फंसे मृतकों के शव भी बरामद कर लिए गए। दोनों अन्य सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस ने तीनों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, लेकिन दुर्घटना की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।