पार्टी कार्यकर्ता 8 अगस्त को पदयात्रा के जरिए दिल्ली में होने वाली ‘बदलाव जरूरी है’ रैली का करेंगे प्रचार। नेताओं ने मुफ्त शिक्षा-स्वास्थ्य, महिला आरक्षण, कर्ज माफी और पंजाब के लंबित मुद्दों के समाधान को लेकर जनता से जुड़ने की अपील की।
डेराबस्सी : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) 1 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय रैली ‘बदलाव जरूरी है’ के समर्थन में 8 अगस्त को डेराबस्सी हलके में जिरकपुर से लालड़ू तक पदयात्रा निकालेगी। इस संबंध में गुरुवार को दप्पर में जिला सचिव कामरेड जसपाल सिंह दप्पर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कामरेड अवतार सिंह दप्पर, विनोद चुघ, सुरिंदर सिंह, बलविंदर सिंह जड़ौत, महेंद्र सिंह सरसीनी और नसीब सिंह जड़ौत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि पार्टी 6 से 15 अगस्त तक पूरे पंजाब में पदयात्राएं निकाल रही है। इसी क्रम में 8 अगस्त को सुबह कार्यकर्ता जिरकपुर के कोहिनूर ढाबा पर एकत्र होंगे। यहां से पदयात्रा जिरकपुर बाजार से होकर डेराबस्सी बस स्टैंड पहुंचेगी, जहां प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद यात्रा लालड़ू बस स्टैंड तक जाएगी और वहीं सभा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
पार्टी नेताओं ने कहा कि दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय रैली के माध्यम से महंगाई, बेरोजगारी, किसानों और मजदूरों से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। उन्होंने एमएसपी की कानूनी गारंटी, सभी के लिए मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं, नए श्रम कानूनों और किसान विरोधी मुक्त व्यापार समझौतों को वापस लेने की मांग दोहराई।
इसके अलावा पंजाब के नदी जल की सुरक्षा, युवाओं को स्थायी रोजगार, संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण, किसानों और गरीबों के कर्ज माफ करने तथा पंजाब से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान की भी मांग की जाएगी। पार्टी ने किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और आम लोगों से 8 अगस्त की पदयात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।