लुधियाना/यूटर्न/29 जुलाई। डीसी लुधियाना हिमांशु जैन की और से बुधवार को उद्योगपतियों, ईंट-भट्ठा संचालकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर धान की पराली से तैयार होने वाले पेलेट और ब्रिकेट को ईंधन के रूप में अपनाने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उद्योगों और ईंट-भट्ठों में पराली आधारित ईंधन के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए। डीसी ने संबंधित विभागों को पराली के भंडारण, परिवहन, मशीनों की अनुकूलता तथा निर्बाध आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा। इस दौरान डीडीपीओ को पराली के भंडारण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर समयबद्ध तरीके से आवश्यक आधारभूत ढांचा विकसित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पराली की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने, बेलर मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उद्योगों को पराली आधारित ईंधन अपनाने के लिए हर संभव सहयोग देने पर भी जोर दिया गया।
----