चंडीगढ़/यूटर्न/17 जुलाई। पंजाब सरकार के गृह मामलों एवं न्याय विभाग ने पंजाब पुलिस के 15 डीएसपी (पीपीएस) अधिकारियों को कार्यवाहक (ऑफिसिएटिंग) आधार पर एसपी के पद पर पदोन्नत करने के आदेश जारी किए हैं। यह निर्णय 9 जून 2026 को हुई विभागीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक की सिफारिशों के आधार पर लिया गया। आदेश के अनुसार पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में सुखअमृत सिंह रंधावा, हरसिमरत सिंह, दलजीत सिंह, सतिंदर कुमार, तेजिंदरपाल सिंह, संजीव गोयल, कुलदीप सिंह, राकेश कुमार, करमवीर सिंह, दलबीर सिंह, निरवैर सिंह, गगनदीप सिंह, संजीव कुमार, मुनिश कुमार और महेश कुमार शामिल हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह पदोन्नति पूरी तरह कार्यवाहक आधार पर होगी। संबंधित अधिकारियों को विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की सिफारिशों और नियुक्ति आदेश जारी होने तक एसपी के पद का वेतन एवं भत्ते मिलेंगे। इसके लिए अधिकारियों को 200 रुपये का स्टाम्प पेपर प्रस्तुत करना होगा। आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि किसी वरिष्ठ अधिकारी को बाद में पदोन्नति के लिए उपयुक्त पाया जाता है, तो उसे वरिष्ठता के आधार पर कार्यवाहक एसपी के पद पर नियुक्त किया जाएगा। ऐसी स्थिति में सबसे कनिष्ठ कार्यवाहक एसपी को उसके मूल पद पर वापस भेजा जाएगा और वरिष्ठता के अनुसार 'वॉटरफॉल मैकेनिज्म' के तहत समायोजन किया जाएगा। गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
----