पंजाब/यूटर्न/17 जुलाई। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे से कुछ समय पहले ही पंजाब और हरियाणा सेक्रेटेरिएट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। कंट्रोल रुम पर धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पूरे सेक्रेटेरिएट में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। पूरी बिल्डिंग को खाली करवाकर सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि इस दौरान कोई भी आपत्तिजनक चीज सामने नहीं आई है। चंडीगढ़ पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा और बढ़ा दी गई। सचिवालय के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
तकनीकी टीमें कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कंट्रोल रूम को मिले बम की धमकी वाले संदेश की गंभीरता से जांच की जा रही है। संदेश किसने और कहां से भेजा, इसका पता लगाने के लिए साइबर और तकनीकी टीमों को लगाया गया है। फिलहाल पूरे सचिवालय परिसर की गहन तलाशी जारी है। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
--