इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तानी ISI हैंडलरों के संपर्क में था आरोपित, पुलिस संस्थानों को निशाना बनाने की थी साजिश
चंडीगढ़ (Naren Danu) : अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक कथित आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक युवक को हैंड ग्रेनेड, 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में था और उसे कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के उद्देश्य से संवेदनशील ठिकानों को निशाना बनाने के निर्देश मिले थे।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान सुमित कुमार उर्फ पंडित (24) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से रूपनगर जिले के गांव सुखसाल का निवासी है और फिलहाल अमृतसर के पंडोरी वड़ैच क्षेत्र में रह रहा था।
प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपित इंस्टाग्राम के जरिए सीमा पार बैठे आईएसआई हैंडलरों के संपर्क में आया था। उसे पुलिस प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों पर हमला कर प्रदेश में भय और अस्थिरता का माहौल पैदा करने के निर्देश दिए गए थे।
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक हैंड ग्रेनेड भी बरामद किया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज है।
पुलिस ने थाना कैंट, अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार पूरे नेटवर्क, सीमा पार बैठे हैंडलरों और आरोपित के अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी है।