चंडीगढ़/यूटर्न/28 जून। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के मौजूदा जज, जस्टिस महाबीर सिंह सिंधु का रविवार तड़के गुरुग्राम के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 59 वर्ष के थे और बताया जा रहा है कि कुछ समय से बीमार चल रहे थे। हाई कोर्ट ने बताया कि उन्होंने सुबह 2:50 बजे अंतिम सांस ली। जस्टिस सिंधु, जो हाई कोर्ट के तीसरे सबसे वरिष्ठ जज थे, 10 जुलाई 2017 को एडिशनल जज बने थे और 3 दिसंबर 2018 को उन्हें स्थायी जज नियुक्त किया गया था। वे अप्रैल 2029 में रिटायर होने वाले थे।
1967 को हरियाणा में हुआ जन्म
4 अप्रैल 1967 को हरियाणा के हांसी जिले के मसूदपुर गांव में जन्मे जस्टिस सिंधु एक किसान परिवार से थे और अपने परिवार में वकील बनने वाले पहले व्यक्ति थे। उन्होंने अपने पैतृक गांव के सरकारी हाई स्कूल से स्कूली शिक्षा पूरी की और 1992 में पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से लॉ की डिग्री हासिल की। उसी साल उन्होंने पंजाब और हरियाणा बार काउंसिल में अपना रजिस्ट्रेशन कराया।
कई मामलो में वकालत की
अपने शानदार कानूनी करियर के दौरान, जस्टिस सिंधु ने पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में सिविल, क्रिमिनल, संवैधानिक और सर्विस लॉ से जुड़े मामलों में बड़े पैमाने पर वकालत की। उन्होंने कई सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक निकायों का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, कोऑपरेटिव बैंक और BSNL शामिल हैं।
----