सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल ने गढ़शंकर क्षेत्र के पोलियो बूथों का किया निरीक्षण
होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : स्वास्थ्य विभाग पंजाब के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में 28 से 30 जून तक चलाए जा रहे इंटेंसिफाइड पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 1,40,768 बच्चों के लक्ष्य में से 89,840 पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाई गई, जो कुल लक्ष्य का 63.82 प्रतिशत है।
अभियान के दौरान सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल ने गढ़शंकर क्षेत्र के विभिन्न पोलियो बूथों एवं टीकाकरण गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे तथा प्रत्येक बच्चे तक समय पर पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य टीमों के कार्य की सराहना करते हुए अभियान को पूरी लगन और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मनदीप कमल ने बताया कि पहले दिन किसी कारणवश पोलियो की खुराक से वंचित रह गए बच्चों को 29 एवं 30 जून को घर-घर जाकर कवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की बूथ, मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमें पूरे अभियान के दौरान सक्रिय रहेंगी, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो रोधी दवा पीने से वंचित न रहे।
उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि यदि उनके पांच वर्ष से कम आयु के किसी बच्चे को अभी तक पोलियो की खुराक नहीं मिली है, तो वे अगले दो दिनों के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और अपने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।