गांव ददलाना और नांगलखेडी में क्षतिग्रस्त हुई, अनाधिकृत कॉलोनियां
पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) के नेतृत्व में मंगलवार को अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही 5 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया गया। साथ ही 3 अवैध निर्माणों, लगभग 20 डीपीसी, सीवरेज नेटवर्क तथा आंतरिक अर्थन रोड नेटवर्क को भी हटाया गया।
यह कार्रवाई राजस्व एस्टेट खेड़ी नांगल एवं ददलाना में की गई। अभियान के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित की गई, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) ने आमजन से अपील की कि वे किसी भी भूखंड अथवा संपत्ति की खरीद से पूर्व उसकी वैधता की जांच अवश्य करें तथा अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें। उन्होंने कहा कि ऐसी कॉलोनियों में सरकार द्वारा किसी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकतीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।