मोहाली/यूटर्न/16 जून। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने रियल एस्टेट सेक्टर में बड़ी कार्रवाई करते हुए डिफॉल्टर प्रमोटरों की सूची जारी की है। यह सूची 31 मई 2026 तक के रिकॉर्ड के आधार पर तैयार की है, जिसमें पापरा कॉलोनियों और मेगा प्रोजेक्ट्स से जुड़े कई बड़े बिल्डरों पर भारी बकाया सामने आया है। पापरा कॉलोनियों में कुल 312.47 करोड़ रुपये का बकाया है, जबकि मेगा प्रोजेक्ट्स में यह आंकड़ा बढ़कर 701.56 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस तरह कुल मिलाकर करीब 1014.03 करोड़ रुपये देनदारी सामने आई है। सूची में बाजवा डेवलपर्स, शिवालिक साइट प्लानर्स, चंडीगढ़ रॉयल सिटी प्रमोटर्स समेत कई प्रमुख कंपनियों के नाम शामिल हैं। इन पर ईडीसी, एलएफ और एसआईएफ जैसे शुल्कों का भुगतान न करने का आरोप है।
डिफॉल्टरों को नहीं मिलेगी मंजूरी
गमाडा के मुख्य प्रशासक ने निर्देश में कहा है कि जिन प्रमोटरों को डिफॉल्टर घोषित किया गया है, उन्हें आगे किसी भी प्रकार की मंजूरी या भुगतान नहीं दिया जाएगा। इस कार्रवाई को रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता लाने और बकाया वसूली की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। वहीं, इससे निवेशकों और प्लॉट खरीदारों में भी हलचल मच गई है।
डिफॉल्टर कॉलोनियों की सूची और बकाया राशि
पापरा कॉलोनियां में कुल बकाया 312.47 करोड़ है। जिसमें चंडीगढ़ रॉयल सिटी प्रमोटर्स प्रा. लि. के 47.89 करोड़, शिवालिक साइट प्लानर्स प्रा. लि. के 20.55 करोड़, बाजवा डेवलपर्स प्रा. लि. के 23.40 करोड़, मैजेस्टिक प्रॉपर्टीज प्रा. लि. के 7.13 करोड़, बाजवा डेवलपर्स प्रा. लि. के 127.19 करोड़, बाजवा दामिनी डेवलपर्स के 10.65 करोड़, शिवालिक साइट प्लानर्स (कासा एस्पाना) के 15.60 करोड़, गीतू कंस्ट्रक्शंस प्रा. लि. के 14.79 करोड़, राइजिंग स्टार इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के 0.99 करोड़, आरकेएम हाउसिंग प्रा. लि. के 31.07 करोड़, इंडियन कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी (संटेक सिटी) के 11.47 करोड़, नॉर्थएज डेवलपर्स एलएलपी के 1.11 करोड़, गिल्को डेवलपर्स एंड बिल्डर्स प्रा. लि. के 0.57 करोड़ बकाया है।
मेगा प्रोजेक्ट्स में इनकी राशि पेडिंग
मेगा प्रोजेक्ट्स में बाजवा डेवलपर्स लि. (मेगा प्रोजेक्ट-1) के 209.30 करोड़, बाजवा डेवलपर्स लि. (मेगा प्रोजेक्ट-2) के 168.61 करोड़, सुखम इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा. लि. के 69.06 करोड़, एच.पी. सिंह एवं अन्य के 45.78 करोड़, जनता लैंड प्रमोटर्स के 151.22 करोड़, ग्लोबस प्रोजेक्ट्स प्रा. लि. के 34.52 करोड़, प्रीत लैंड प्रमोटर्स प्रा. लि. के 22.14 करोड़ बकाया है।
----