वाशिंगटन/तेहरान, 15 जून: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव को समाप्त करने के लिए प्रस्तावित शांति समझौते पर अब डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगियों ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस समझौते को युद्ध खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है, वहीं उनके प्रमुख सहयोगी और सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने समझौते की शर्तों को लेकर चिंता जताई है।
ग्राहम ने कहा कि वह अंतिम समझौते की समीक्षा करना चाहेंगे। उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को इस डील का “आर्किटेक्ट” बताया, जिससे यह संकेत मिलता है कि वेंस ने बातचीत में अहम भूमिका निभाई है। दूसरी ओर, वेंस ने समझौते को अमेरिका के लिए बड़ी जीत करार दिया है।
रिपोर्टों के अनुसार, समझौते के तहत सैन्य कार्रवाई रोकने और हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमति बनी है। हालांकि ईरान के परमाणु कार्यक्रम, मिसाइल क्षमता और क्षेत्रीय गतिविधियों जैसे मुद्दों पर आगे बातचीत होगी। इजरायल और अमेरिकी सख्त रुख वाले नेताओं ने आशंका जताई है कि यह समझौता ईरान को पर्याप्त रियायतें दे सकता है।