दलाई लामा के घुटने के इलाज के लिए दिल्ली में विशेष इंतजाम, शुक्रवार को प्रस्थान
धर्मशाला: तिब्बतियों के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा शुक्रवार को अपने बाएं घुटने के इलाज के लिए धर्मशाला से दिल्ली रवाना होंगे। लंबे समय से घुटने में दर्द की शिकायत के चलते उनका उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के एक प्रमुख अस्पताल में उनकी जांच और इलाज किया जाएगा। डॉक्टरों ने उपचार के बाद उन्हें कुछ समय तक पूर्ण आराम करने की सलाह दी है।
इलाज के दौरान दलाई लामा डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे ताकि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो सके। 90 वर्ष की उम्र में भी वे लगातार सक्रिय हैं।
स्वास्थ्य में सुधार के बाद उनका अगला संभावित दौरा लेह-लद्दाख का होगा, जहां वे जुलाई के अंत तक पहुंच सकते हैं। हर साल की तरह इस बार भी वे लद्दाख में करीब एक से डेढ़ माह प्रवास कर सकते हैं और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
हालांकि, लद्दाख दौरे का अंतिम कार्यक्रम दिल्ली में इलाज पूरा होने और डॉक्टरों की अनुमति मिलने के बाद ही घोषित किया जाएगा।