मुंबई ,विलेपार्ले 05 Feb : सुरों की दुनिया जब समाज सेवा से जुड़ती है तो वह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि इंसानियत की मिसाल बन जाती है। ‘आर्य मेलोडीज’ द्वारा आयोजित सदाबहार गीतों का कार्यक्रम ‘यादों का कारवां’ विलेपार्ले स्थित दीनानाथ मंगेशकर नाट्यगृह में भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस आयोजन में जहां संगीत की मधुर धारा बही, वहीं समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली कोंकण की विभूतियों को ‘कोंकण सम्मान’ से नवाजा गया।
कार्यक्रम के दौरान आर्य मेलोडीज और कोंकण कट्टा संस्था की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस वर्ष ‘कोंकण सम्मान’ पाने वालों में वरिष्ठ इतिहासकार अप्पा परब, महाराष्ट्र टाइम्स के वरिष्ठ पत्रकार हर्षल मालेकर, पूर्व प्रिंसिपल छाया गाडे, उद्यमी शेखर धारगलकर, कलाकार दीपन वर्तक तथा समाजसेवी महेश सावंत और संतोष परब शामिल रहे। विजेताओं को ऋषि परशुराम की आकर्षक प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह के बाद संदीप पवार व उनकी टीम ने ‘यादों का कारवां’ की प्रस्तुति दी। प्रसिद्ध गायक श्रीकांत नारायण की मखमली आवाज ने श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम से प्राप्त राशि कैंसर पीड़ितों के इलाज के लिए दान की जाती है। इस वर्ष भी आर्य मेलोडीज की ओर से एक जरूरतमंद संगीतकार को उपचार हेतु सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
विलेपार्ले व अंधेरी के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम कला के माध्यम से समाज सेवा की एक प्रेरक मिसाल बनकर सामने आया।