नवीन गोगना
अमृतसर, 3 फरवरी यूटर्न : — कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए इंटेलिजेंस आधारित ऑपरेशन के दौरान तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर 7 आधुनिक अवैध पिस्तौल बरामद की हैं। बरामद हथियारों में ग्लॉक, बेरेटा, जिगाना और .30 बोर जैसी खतरनाक पिस्तौल शामिल हैं, जिनमें दो ऑटोमैटिक फायर वाले हथियार भी हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान आधारित स्मगलरों और हैंडलरों के सीधे संपर्क में थे। ये आरोपी ड्रोन के जरिए अंतरराष्ट्रीय सीमा से हथियारों की ड्रॉपिंग करवा कर आगे उनकी डिस्ट्रीब्यूशन करते थे। यह गिरोह पिछले 4–5 महीनों से सक्रिय था और कई कंसाइनमेंट प्राप्त करने की बात भी कबूल की गई है, जिसकी तकनीकी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेशम सिंह उर्फ भुल्ला, विशाल और सोने एरिया के सुमित के रूप में हुई है। एक आरोपी कार सेल-परचेज के कारोबार से जुड़ा हुआ था, जिससे उसे आवागमन और लोकेशन बदलने में सुविधा मिलती थी। फिलहाल पुलिस ने इस नेटवर्क में शामिल तीनों युवकों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।