चंडीगढ़ में युवती से मारपीट का वीडियो वायरल, थार सवार युवकों पर आरोप
अजीत झा.चंडीगढ़ : चंडीगढ़ में एक युवती के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में पहले दो युवतियां आपस में झगड़ती नजर आती हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद मामला और गंभीर हो जाता है, जब थार गाड़ी में सवार युवक एक युवती के साथ मारपीट करते हुए मौके से फरार हो जाते हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क पर मौजूद युवतियां आपस में गाली-गलौज और हाथापाई कर रही हैं। इसी दौरान काले रंग की थार वहां खड़ी दिखाई देती है, जिसमें दो युवक सवार बताए जा रहे हैं। आरोप है कि इन्हीं युवकों ने विवाद में दखल देते हुए एक युवती के साथ मारपीट की और बाद में वहां से फरार हो गए।वायरल वीडियो के अनुसार, दोनों युवतियां लाल रंग की शर्ट पहने हुए नजर आती हैं। थार में सवार एक युवक काले रंग की बनियान में है, जबकि दूसरा युवक काले रंग की हाफ बाजू की शर्ट पहने दिखाई देता है। वहीं, एक अन्य युवक सफेद रंग की जैकेट पहने बीच-बचाव करने की कोशिश करता हुआ भी वीडियो में नजर आता है।
वीडियो में शामिल कुछ युवक और युवतियां नशे की हालत में प्रतीत हो रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस पूरे मामले को लेकर अभी तक चंडीगढ़ पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।फिलहाल, वीडियो के वायरल होने के बाद मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि घटना कब और कहां की है तथा इसमें शामिल लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की प्रतिक्रिया और जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।