डेराबस्सी 01 Feb : गुरु रविदास जी के पावन जन्मदिवस के अवसर पर डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने डेराबस्सी सर्कल के विभिन्न गुरुद्वारों में माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने सर्वजन कल्याण और समाज में भाईचारे की कामना करते हुए अरदास की।
विधायक रंधावा ने गांव बाकरपुर टंकी, डेरा जगाधरी, महमदपुर, अमलाला, जनेतपुर, डेराबस्सी पहाड़ी गेट तथा भांखरपुर स्थित गुरुद्वारों में हाजिरी भरी। उन्होंने संगत के साथ बैठकर गुरु रविदास जी की पवित्र वाणी का स्मरण किया और उनके द्वारा दिए गए समानता, भाईचारे और मानवता के संदेशों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक रंधावा ने कहा कि गुरु रविदास जी के उपदेश आज के समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने जाति-पाति से ऊपर उठकर प्रेम, सौहार्द और आपसी एकता के साथ जीवन जीने की प्रेरणा दी, जिसे हमें अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
उन्होंने संगत से गुरु रविदास जी द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने और समाज में सामाजिक समरसता को मजबूत करने की अपील की।
इस मौके पर क्षेत्र की संगत के साथ-साथ स्थानीय गणमान्य व्यक्ति भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।