रोजाना हुड़दंग से बिगड़ रहा माहौल, महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर संकट
ज़ीरकपुर 25 दिसंबर - पभात एरिया स्थित जरनैल एनक्लेव-3 में रिहायशी इलाके के बीच खुले शराब के ठेके से स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि ठेके से शराब लेने के बाद नशे में धुत लोग सड़कों और आसपास खुलेआम हुड़दंग मचाते हैं, गाली-गलौच करते हैं और कई बार आपसी झगड़े तक की नौबत आ जाती है।
निवासियों के अनुसार, शाम ढलते ही इलाके का माहौल पूरी तरह बिगड़ जाता है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। राहगीरों को भी आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार पुलिस और प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन न तो नियमित पुलिस गश्त हो रही है और न ही कोई ठोस कार्रवाई। प्रशासन की कथित लापरवाही से लोगों में गहरा रोष है। इसी को लेकर जरनैल एनक्लेव-3 के निवासियों ने एकजुट होकर नाराज़गी जताई और मांग की कि रिहायशी इलाके में खुले इस शराब के ठेके को तुरंत यहां से हटाया जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
इस मौके पर सोसाइटी प्रधान बलविंदर धीमन के अलावा अमन, समिति अरोड़ा, ममता शर्मा, विक्रम, मेनका, मंजीत, विनोद शर्मा सहित कई अन्य स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
कोटस
बलविंदर धीमन, सोसाइटी प्रधान:
“शराब के ठेके के कारण रोज़ाना झगड़े और गाली-गलौच हो रही है। महिलाएं और बच्चे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अगर जल्द ठेका नहीं हटाया गया तो हम आंदोलन करेंगे।”