लगातार शिकायतों के बाद नगर परिषद ने हाई ग्राउंड रोड पर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी। एयरफोर्स स्टेशन गेट से त्रिशला सिटी तक चले अभियान में सड़क की जगह पर लगे अवैध बोर्ड, दीवारें और अस्थायी ढांचे हटाए गए। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी दी। दूसरे चरण में त्रिशला सिटी से गोपाल स्वीट्स तक कार्रवाई की जाएगी।
जीरकपुर : शहर के हाई ग्राउंड रोड पर सड़क किनारे बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद ने सख्ती शुरू कर दी है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिषद की इंफोर्समेंट टीम ने पहले चरण में एयरफोर्स स्टेशन के गेट से त्रिशला सिटी तक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क की जगह पर लगाए गए अवैध बोर्ड, बनाई गई दीवारें और तीन-चार अस्थायी ढांचे हटाकर सड़क की जगह खाली करवाई गई।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी परमिंदर सिंह भट्टी के निर्देश पर इंस्पेक्टर अजय बराड़ और जनरल इंस्पेक्टर विपिन कंबोज की अगुवाई में टीम हाई ग्राउंड रोड पर पहुंची। टीम ने सड़क किनारे उन स्थानों को चिह्नित किया, जहां बोर्ड या अस्थायी निर्माण के जरिए सड़क की जगह का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसके बाद मौके पर ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
शिकायतों के बाद हरकत में आया नगर परिषद प्रशासन
हाई ग्राउंड रोड पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद के पास लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। सड़क किनारे कब्जे और बोर्ड लगाए जाने से उपलब्ध सड़क क्षेत्र प्रभावित होने की शिकायतों को देखते हुए परिषद प्रशासन ने चरणबद्ध तरीके से पूरी सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने का फैसला किया है।
इंस्पेक्टर अजय बराड़ ने बताया कि कार्यकारी अधिकारी के आदेश पर अभियान शुरू किया गया है। पहले चरण में एयरफोर्स स्टेशन गेट से त्रिशला सिटी तक कार्रवाई की गई। सड़क की जगह पर बने अवैध ढांचे और बिना अनुमति लगाए गए बोर्ड हटाए गए हैं। संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत भी दी गई है।
दूसरे चरण में गोपाल स्वीट्स तक पहुंचेगी टीम
नगर परिषद ने साफ किया है कि अभियान केवल एक हिस्से तक सीमित नहीं रहेगा। दूसरे चरण में त्रिशला सिटी से गोपाल स्वीट्स तक सड़क किनारे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम ने दुकानदारों और अन्य लोगों को सड़क की जगह पर किसी प्रकार का निर्माण, सामान या बोर्ड लगाकर कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के बाद यदि किसी स्थान पर दोबारा अतिक्रमण पाया जाता है तो नगर परिषद की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।