पंचकूला 31 Jan : सड़क सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए पंचकूला पुलिस ने नए साल के पहले माह के दौरान 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के विरुद्ध एक विशेष मुहिम चलाई, जिसके अंतर्गत शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध शिकंजा कसा गया। एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे सहित शहर के चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी। विशेष रूप से चंडीमंदिर और जलौली टोल प्लाजा जैसे व्यस्त एवं संवेदनशील स्थानों पर स्थाई नाके स्थापित किए गए हैं, जहाँ एल्कोसेंसर के माध्यम से हर संदिग्ध वाहन चालक की सघन जांच की जा रही है। इस सख्ती का परिणाम यह रहा कि मात्र 30 दिनों के भीतर 730 चालकों के चालान काटे गए और गंभीर रूप से नशे में पाए गए 56 वाहनों को मौके पर ही इंपाउंड कर लिया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने स्पष्ट किया कि शराब का सेवन निर्णय क्षमता को खत्म कर देता है, जो सड़क पर मौत का कारण बनता है। पुलिस का यह अभियान भविष्य में और अधिक कड़ाई के साथ जारी रहेगा ताकि आम नागरिक निडर होकर सड़कों पर चल सकें।पुलिस कमिश्नर का संदेश:सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक नागरिक कर्तव्य है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल स्वयं के जीवन को खतरे में डालना है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य निर्दोष लोगों के साथ भी अन्याय है। हमारा लक्ष्य चालान काटना नहीं, बल्कि एक सुरक्षित यातायात संस्कृति विकसित करना है। हम स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।