अजीत झा.
पंचकूला 30 Jan : पंचकूला में अपराध और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच को एक और सफलता हाथ लगी है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि बुढ़नपुर क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम दे सकता है।
सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच सैक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से एक अवैध दोमुही चाकू बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी उक्त हथियार का कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान तोताराम निवासी मौलीजांगरा, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सैक्टर-14 पंचकूला में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है और उसके खिलाफ पंचकूला व चंडीगढ़ में पहले से ही लड़ाई-झगड़े के कुल चार मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने साफ किया है कि पंचकूला पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखे हुए है और आमजन की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।