फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों से नवांशहर दोआबा से अनंतनाग के लिए कैटल फीड की पहली पीसमील लोडिंग की गई। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में व्यापारियों को रेल परिवहन से जोड़ने की मुहिम जारी है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे रेलवे राजस्व के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
अमृतसर (आर. के. उप्पल) : फिरोजपुर मंडल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल ने पहली बार नवांशहर दोआबा (पंजाब) से अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) के लिए कैटल फीड का पीसमील वैगन सफलतापूर्वक रवाना किया।
यह पहल रेल के माध्यम से माल परिवहन को बढ़ावा देने के साथ-साथ व्यापार एवं उद्योग जगत के लिए एक सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।
मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा व्यापारियों और उद्योग जगत से लगातार संपर्क कर सड़क मार्ग से होने वाले माल परिवहन को रेलवे की ओर आकर्षित किया जा रहा है।
भारतीय रेलवे द्वारा माल भाड़े में दी जा रही विभिन्न रियायतों तथा एक डिब्बे तक की बुकिंग सुविधा से व्यापारियों को काफी लाभ मिल रहा है। वहीं, पीसमील ट्रैफिक की सुविधा के माध्यम से छोटे और मध्यम व्यापारी भी समूह बनाकर अपने माल को देश के विभिन्न हिस्सों तक आसानी से भेज सकते हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने कहा कि कैटल फीड की यह पहली पीसमील लोडिंग मंडल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और अधिक व्यापारी रेल माल ढुलाई से जुड़ेंगे।
फिरोजपुर मंडल द्वारा माल ढुलाई को सरल, किफायती और सुविधाजनक बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से आने वाले समय में रेलवे के माल परिवहन क्षेत्र को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।