ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को मुलाकात की। उन्होंने पदक विजेताओं को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए देश का नाम रोशन करने के लिए सराहा। मोदी ने मुलाकात की झलकियां साझा करते हुए खिलाड़ियों के साथ बातचीत की। इस दौरान उनकी सफलता, मेहनत और खेल के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपलब्धियों पर चर्चा हुई।
नई दिल्ली (Naren Danu) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल (कॉमनवेल्थ गेम्स) 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय पदक विजेताओं से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके प्रदर्शन और सफलता पर चर्चा की तथा उनका उत्साह बढ़ाया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर खिलाड़ियों के साथ हुई मुलाकात का एक विशेष वीडियो भी साझा किया। वीडियो में प्रधानमंत्री पदक विजेताओं से बातचीत करते, उनकी उपलब्धियों के बारे में जानकारी लेते और उनका हौसला बढ़ाते नजर आए।
प्रधानमंत्री की इस मुलाकात को भारतीय खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के सम्मान और उनका मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और देश के लिए गौरव हासिल करने की भावना की सराहना की।