कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सब्जी की दुकान के पास से होती हुई खेत में जा घुसी। स्थानीय लोगों के मुताबिक कार एक महिला चला रही थी। सूचना मिलते ही बराड़ा पुलिस और 112 की टीम मौके पर पहुंची। एसएचओ मुलाना प्रमोद राणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हादसे की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है।
बराड़ा/मुलाना (अमरिंदर सिंह) : बराड़ा क्षेत्र के हनुमान मंदिर के पास दोसड़का में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसे के दौरान कार में महिला चालक के होने की बात स्थानीय लोगों द्वारा बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर बाइक को बचाने के प्रयास में कार चालक ने अचानक वाहन को मोड़ दिया। इसी दौरान कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगी सब्जी की दुकान के पास से होती हुई खेत में जा घुसी। हादसे के समय आसपास लोगों की मौजूदगी के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बाल-बाल बची सब्जी की दुकानबताया जा रहा है कि जिस स्थान पर कार अनियंत्रित होकर खेत में उतरी, उसके पास ही सब्जी की दुकान लगी हुई थी। सब्जी विक्रेता ने स्थानीय लोगों को बताया कि कार एक लड़की चला रही थी और अचानक बाइक को बचाने के प्रयास में वाहन खेत की ओर चला गया।गनीमत रही कि कार खेत में जाकर रुक गई और किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही बराड़ा पुलिस तथा 112 की मुलाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, एसएचओ मुलाना प्रमोद राणा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी ली और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं।
क्रेन की मदद से निकाली गई कार
हादसे के बाद कार खेत में फंस गई, जिसे बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा बाइक को बचाने के प्रयास में कार के अनियंत्रित होने के कारण हुआ माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।