देवालय पूजक परिषद, चंडीगढ़ का संरक्षक नियुक्त होने पर एम.पी. शर्मा को अंगवस्त्र और गौमाता की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाने और समाज सेवा को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
चंडीगढ़ : राजस्थान परिवार के संस्थापक एवं खादी ग्रामोद्योग के सदस्य पवन शर्मा ने अपने साथियों के साथ संस्था के वरिष्ठ सदस्य एम.पी. शर्मा को देवालय पूजक परिषद, चंडीगढ़ द्वारा परिषद का संरक्षक नियुक्त किए जाने पर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सुरेश शेखावत और निर्मल भाटी ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, जबकि पवन शर्मा और हरि प्रसाद ने गौमाता की प्रतिमा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उपस्थित सदस्यों ने एम.पी. शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना की।
सम्मान समारोह के उपरांत सभी सदस्यों ने इस खुशी के उपलक्ष्य में एक वृद्धाश्रम पहुंचकर सेवा कार्य किया तथा बुजुर्गों के साथ समय बिताकर सामाजिक सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महेंद्र चारण, रविंद्र सिंह, नरेश कुमार, नितिन, मोहर सिंह, लोकेन्द्र सिंह, मनीष कुमार, ओंकार सिंह, अजीत झा, नवीन शर्मा, नरेंद्र शर्मा, डॉ. साहब सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपने सम्मान से अभिभूत एम.पी. शर्मा ने पवन शर्मा एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे परिषद द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।