लुधियाना 22 दिसंबर। महानगर लुधियाना की सड़कों और फुटपाथों पर आज भी सैकड़ों बेसहारा और बेघर लोग खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर हैं। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जो कड़ाके की सर्दी में बिना किसी सुरक्षा के रात बिताते नजर आते हैं। सर्द मौसम के कारण कई लोग बीमार अवस्था में भी देखे जा रहे हैं, जिससे उनकी जान को गंभीर खतरा बना हुआ है।
इन हालातों को देखते हुए समाजसेवक एवं ओबीसी विभाग कांग्रेस लुधियाना के सीनियर वाइस चेयरमैन और जिला कांग्रेस के उपप्रधान विनय वर्मा ने एडीसी लुधियाना राकेश कुमार को जिलाधीश के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि सड़कों व फुटपाथों पर रहने वाले बेसहारा लोगों को तुरंत शेल्टर होम भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि वे सर्दी से सुरक्षित रह सकें।
विनय वर्मा ने प्रशासन से यह भी आग्रह किया कि इन लोगों की स्वास्थ्य जांच और इलाज सुनिश्चित किया जाए तथा उनके परिवारों का पता लगाकर उन्हें घर तक पहुंचाया जाए, ताकि वे सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें।