जीरकपुर 27 Jan : शहर में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जीरकपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर स्नैचिंग और चोरी की घटनाएं सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना लोहगढ़ क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार सिगमा सिटी चौक के पास संगीता नामक महिला पैदल किसी काम से जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक पीछे से आए और उसके हाथ में पकड़ा मोबाइल फोन झपटकर मौके से फरार हो गए। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने स्नैचरों का पीछा करने का प्रयास किया और मोटरसाइकिल से उनके पीछे दौड़े, लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे।
दूसरी घटना लोहगढ़ के बादल कॉलोनी की है। यहां मकान नंबर-1034 में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक संजीव चौहान ने बताया कि वह परिवार सहित बाहर गए हुए थे। 24 जनवरी की आधी रात के करीब चोर घर में दाखिल हुए। चोरों ने कमरों में रखी अल्मारियों के ताले तोड़कर करीब 60 हजार रुपये नकद और 8 से 10 लाख रुपये मूल्य के कीमती आभूषण चोरी कर लिए।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।